उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगढ़ की मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव, 7 कर्मचारी हुए बेहोश

अलीगढ़। दिल्ली-कानपुर बाईपास के अमरपुर कोंडला स्थित फेयर एक्सपोर्ट मीट फैक्ट्री में रविवार शाम को अमोनिया गैस के रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। इसमें कई मजदूरों की हालत बिगड़ गई है।

सात मजदूरों को नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। यहां इनकी गंभीर हालात को देखते हुए खैर रोड स्थित जीवन ज्योति अस्पताल में रेफर कर दिया। पीड़ितों में छह महिलाएं भी शामिल हैं।

घटना की सूचना पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। अस्पताल में पहुंचकर बेहोश लोगों का हाल जाना। अब हादसे का कारण जानने के लिए जांच शुरू हो गई है।

फ्रोजन प्वाइंट पर वाल्व लीक होने से हादसा

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री के फ्रोजन प्वाइंट पर वाल्व लीक होने से यह हादसा हुआ है। करीब पांच मिनट तक गैस का रिसा चलता रहा। डीएम विशाख जी. ने पुलिस, प्रशासन, अग्निशमन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और कारखाना विभाग के अधिकारियों को जांच के आदेश दिए हैं। फैक्ट्री का संचालन रोक दिया गया है। रात में ही फ्रोजन प्वाइंट को सील कर दिया गया है।

फेयर एक्सपोर्ट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में प्रतिदिन दो सौ पशुओं का कटान होता है। रविवार को भी सामान्य दिनों की तरह शाम पांच बजे तक इस फैक्ट्री में पशुओं का कटान हुआ था।

इसके बाद, शाम को पैकेजिंग एरिया में मीट की पैकिंग हो रही थी। इसमें करीब सौ से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। इसमें 40 से अधिक महिलाएं शामिल थीं। शाम को सात बजे करीब अचानक से फ्रोजन प्वाइंट का वाल्व लीक होने से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। इससे पूरी फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गईं। इसमें कई लोगों की हालत बिगड़ गई।

जानकारी मिलने पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं दी। प्रशासनिक अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई तो एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने बेहोश हुए मजदूरों को सारसौल स्थित जीवन ज्योति अस्पताल रेफर कराया।

इनमें शाहजमाल की चांदनी व अलफिशा, रोरावर की रजनी, भुजपुरा की नाजिया, मकदूम नगर की जैनब, नींवरी की सोफिया व तालसपुर खुर्द के अरमान शामिल हैं। तीन हालत गंभीर बताई जा रही है।

अमोनिया गैस के रिसाव से कुल सात लोगों की हालात बिगड़ने की जानकारी सामने आई है। कई विभागों की टीमों को जांच के आदेश दिए हैं। विस्तृत रिपोर्ट आने तक फैक्ट्री के संचालन पर रोक लगा दी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फ्रोजन प्वाइंट में यह हादसा हुआ है, जिसे सील करा दिया है।

-विशाख जी., डीएम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button